सारंगपुर के ग्राम दयाखेड़ी में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे द्वारा पिता से मारपीट का आरोप है। गंभीर रूप से घायल रामलाल मालवीय की इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी बेटा फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को राजा मालवीय कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचा और पिता रामलाल से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद बेटे ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की मदद से रामलाल को सारंगपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें शाजापुर रेफर किया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें इंदौर लेकर पहुंचे।
इंदौर में इलाज के दौरान रामलाल मालवीय की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी बेटा राजा मालवीय उर्फ सोनू फरार बताया जा रहा है। लिमचौहान थाना प्रभारी गोविंद मीणा के अनुसार, मामले में पहले ही अपराध दर्ज किया जा चुका है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments