दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।
प्रवेश वर्मा तिलक नगर में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय विधायक जरनैल सिंह भी मौके पर पहुंचे। सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए और मौके पर मौजूद लोगों ने सड़क की ऊपरी परत को हाथ से हटाकर उसकी स्थिति दिखाई। इसके बाद मंत्री और स्थानीय लोगों के बीच बहस की स्थिति बन गई।
इसी दौरान एक युवक मोबाइल से पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था। वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा युवक के पास जाते और उसे थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद सुरक्षाकर्मी बीच में आते हैं और युवक को वहां से पीछे करते नजर आते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद AAP नेताओं ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि वह अगले दिन मौके पर जाएंगे। वहीं AAP विधायक जरनैल सिंह की ओर से पुलिस में शिकायत देने की बात कही गई है।
घटना में थप्पड़ खाने वाले युवक ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि वह विधायक के सोशल मीडिया के लिए लाइव कर रहा था और सड़क की स्थिति रिकॉर्ड कर रहा था। उसके मुताबिक, लाइव रोकने के दौरान उसका फोन लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों के संबंध में पुलिस जांच और आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली की राजनीति में भी मामला गरमा गया है। फिलहाल विवाद का केंद्र सड़क की गुणवत्ता के निरीक्षण के दौरान हुई झड़प और युवक को थप्पड़ मारने की घटना है।
0 Comments