उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक मकान भी आया है। रविवार को सीएम मोहन यादव ने खुद गैंती चलाकर अपने घर का हिस्सा तोड़ने की शुरुआत की।
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है। इसी अभियान की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक मकान भी आया है। रविवार को मुख्यमंत्री खुद अब्दालपुरा पहुंचे और अपने हाथ से गैंती चलाकर मकान के प्रभावित हिस्से को हटाने की शुरुआत की। इस दौरान अपने बचपन के घर को टूटता देखकर वे भावुक भी नजर आए।
दरअसल, खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस सड़क चौड़ीकरण की जद में कुल 272 इमारतें आ रही हैं। इनमें सीएम मोहन यादव का पैतृक मकान और उनकी बहन कलावती यादव का मकान भी शामिल है।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री का यह पैतृक मकान 1974 में उनके दादा रामचंद्र यादव ने बनवाया था और इसी घर में मोहन यादव का बचपन बीता। सड़क चौड़ीकरण के लिए मकान के प्रभावित हिस्से को हटाया जा रहा है।
सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में अब्दालपुरा क्षेत्र में भी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है।

0 Comments