रील के चक्कर में खतरनाक स्टंट, बाइक का बैलेंस बिगड़ा तो सड़क पर घिसटा युवक


 रीवा/सीधी। सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के चक्कर में सड़क पर खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो सामने आया है। मामला रीवा-सीधी मार्ग की टनल के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक बाइक से स्टंट करता नजर आ रहा है। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है और युवक बाइक समेत सड़क पर गिर जाता है।

हादसे के बाद युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटता हुआ दिखाई देता है। घटना का वीडियो पीछे से गुजर रहे किसी वाहन सवार द्वारा रिकॉर्ड किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, युवक को कितनी चोटें आईं और उसके इलाज को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

टनल पर पहले भी सामने आ चुके हैं स्टंट के वीडियो

रीवा-सीधी टनल पर बाइक और कार से स्टंट के वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं। हाल ही में रीवा पुलिस ने टनल के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाकर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस ने लोगों से टनल में यातायात नियमों का पालन करने और स्टंट से बचने की अपील की है।

सड़क पर कुछ सेकंड की रील के लिए किया गया ऐसा जोखिम न केवल स्टंट करने वाले व्यक्ति, बल्कि आसपास से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी हादसे का कारण बन सकता है।

Post a Comment

0 Comments