इंदौर में पानी के टैंकर ने बाइक सवार भाई-बहन को मारी टक्कर, B.Tech छात्रा की मौत

इंदौर के छोटा बांगड़दा क्षेत्र में उस समय हंगामा मच गया जब निगम के पानी के टेंकर ने भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में B.Tech छात्रा अर्चिता झार की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई प्रणय घायल है। राहगीरों ने टैंकर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

इंदौर। छोटा बांगड़दा इलाके में बुधवार सुबह नगर निगम के पानी के टैंकर ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में B.Tech छात्रा अर्चिता झार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई प्रणय घायल हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा करीब सुबह 11:30 बजे वेदांत स्कूल के पास हुआ। कटनी निवासी अर्चिता अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार नगर निगम के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अर्चिता सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आ गई। 

हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भागने लगा, लेकिन राहगीरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गांधी नगर निवासी चालक शुभम उर्फ सोहन चौकसे को हिरासत में लिया है। घटना के बाद कुछ लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी।

बताया जा रहा है कि अर्चिता सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से B.Tech की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टैंकर की रफ्तार और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments