सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद हटाए जाने के बाद मलबा साफ करने के दौरान करीब 20 फीट गहरा और डेढ़ मीटर चौड़ा कुआं मिला है।
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद मलबा हटाते समय जमीन के नीचे करीब 20 फीट गहरा और 1.5 मीटर चौड़ा कुआं मिलने से मामला चर्चा में आ गया है। रविवार को मलबा हटाने के दौरान मशीन एक भारी स्लैब पर अटक गई। कर्मचारियों ने कटर से स्लैब को काटकर हटाया तो उसके नीचे कुआं दिखाई दिया।
कुएं की जानकारी मिलते ही सहारनपुर के अधिकारियों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को सूचना दी है। प्रशासन अब विशेषज्ञों के जरिए कुएं की उम्र, निर्माण शैली और संभावित ऐतिहासिक महत्व की जांच कराएगा। अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन में कुआं करीब एक सदी पुराना प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी वास्तविक उम्र की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से कुएं को ढक दिया गया है और मौके पर पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई है। कुआं किसी धार्मिक स्थल या मंदिर से जुड़ा होने का दावा अभी आधिकारिक जांच से प्रमाणित नहीं हुआ है। इसकी वास्तविक स्थिति ASI की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मस्जिद को प्रशासन ने कोर्ट के आदेश के बाद सरकारी जमीन पर स्थित अनधिकृत संरचना बताते हुए हटाया था। ध्वस्तीकरण के बाद कुएं के मिलने से अब इस स्थल के पुराने इतिहास को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

0 Comments