इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60 के उपचुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों वार्डों की सूची का दोबारा भौतिक सत्यापन कराने का फैसला लिया है।
मतदाता सूची को लेकर सामने आई शिकायत
दोनों वार्डों की मतदाता सूची को लेकर शिकायत मिलने के बाद आयोग ने इंदौर जोन-1 के डीसीपी से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में मौजूदा मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराने पर कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इसके बाद आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बजाय पहले मतदाता सूची की जांच कराने का निर्णय लिया।
मौके पर जाकर होगा भौतिक सत्यापन
अब वार्ड 58 और 60 की मतदाता सूचियों का दोबारा सत्यापन कराया जाएगा। टीम मौके पर जाकर सूची में दर्ज मतदाताओं के नाम और संबंधित जानकारी की जांच करेगी। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक सेवानिवृत्त IAS अधिकारी को प्रेक्षक नियुक्त किए जाने की बात सामने आई है।
आयोग के मुताबिक, मतदाता सूची की जांच और जरूरी सुधार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही दोनों वार्डों के उपचुनाव की नई तारीख तय की जाएगी। यानी फिलहाल 29 सितंबर का प्रस्तावित मतदान नहीं होगा।
वार्ड 60 का चुनाव पहले ही विवाद में था
वार्ड 60 का उपचुनाव पहले ही हाईकोर्ट के आदेश के चलते प्रभावित हुआ था। वहीं वार्ड 58 में पूर्व पार्षद की सदस्यता समाप्त होने के बाद सीट रिक्त हुई थी। दोनों सीटों पर चुनाव के लिए आयोग ने 31 अगस्त को कार्यक्रम घोषित किया था।
यानी इंदौर के इन दोनों महत्वपूर्ण वार्डों में अब पहले मतदाता सूची की सफाई होगी, उसके बाद ही चुनावी प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी।

0 Comments