दिल्ली हॉस्टल हादसे का फरार मालिक गिरफ्तार, भिवाड़ी से पकड़ा गया; 7 लोगों की मौत के बाद बड़ा एक्शन

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला बॉयज PG/हॉस्टल की इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद से फरार चल रहे मालिक हरिराम बंसल को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है।


नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला PG/हॉस्टल की इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने कई टीमें लगाई थीं और लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। 

रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन में यह इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। बिल्डिंग में छात्रों के लिए PG/हॉस्टल चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इमारत करीब 40-50 साल पुरानी थी और हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत/निर्माण का काम चल रहा था। इसी वजह से इमारत की संरचना कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हादसे में 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। अब मालिक की गिरफ्तारी के बाद उससे हादसे से जुड़े निर्माण कार्य, इमारत की स्थिति और सुरक्षा मानकों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई हुई है। MCD के साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अधिकारियों को निलंबित किया गया है। दिल्ली सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। 

Post a Comment

0 Comments