राजस्थान के नागौर में ATM चोरी की कोशिश कर रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
नागौर, राजस्थान। नागौर जिले के मारवाड़-मुंडवा में रविवार देर रात UCO बैंक के ATM को लूटने की कोशिश का मामला सामने आया। दो बदमाश गैस कटर और अन्य औजार लेकर ATM बूथ में घुसे थे। उनका इरादा ATM को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने का था। घटना के समय ATM में 16 लाख रुपये से अधिक कैश मौजूद था।
बदमाश ATM के साथ छेड़छाड़ कर ही रहे थे कि बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम ने संदिग्ध गतिविधि को पकड़ लिया और बैंक को अलर्ट मिल गया। सूचना मिलते ही UCO बैंक की ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति और परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं।
मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि बदमाश ATM बूथ के अंदर मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने बाहर से शटर गिराकर बूथ को लॉक कर दिया। इससे दोनों आरोपी अंदर ही फंस गए और उनके भागने का रास्ता बंद हो गया।
कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है। दोनों के पास से गैस कटर और ATM तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भरत प्रजापत ढाबा चलाता है, जबकि कोमल कुमार उसके यहां काम करता है। दोनों वारदात के लिए किसी अन्य व्यक्ति की बाइक लेकर पहुंचे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ATM लूट की योजना कैसे बनाई गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
इस पूरी घटना में बैंक के अलर्ट सिस्टम और ब्रांच मैनेजर की तत्परता से ATM में रखी लाखों रुपये की नकदी सुरक्षित रही और दोनों संदिग्ध मौके से भाग नहीं सके।

0 Comments