सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से बड़ा हादसा सामने आया है। शनिवार रात शराब पीने के बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उपचार के दौरान 12-14 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक बंडा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी थे। शराब पीने के कुछ समय बाद ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी शुरू हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कई लोगों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई। मामले में शराब के स्रोत और उसे बेचने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर शराब में ऐसा क्या था, जिसके सेवन के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी।
फिलहाल दर्जनभर मौतों की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

0 Comments