2 करोड़ की फिल्म ने मचाया तहलका, ‘हनुमान अंश’ ने पार किया ₹100 करोड़ का आंकड़ा; उत्तराखंड में हुई टैक्स फ्री

नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड बना रही है। करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने रिलीज के 30वें दिन तक भारत में लगभग ₹99.13 करोड़ नेट कमाए और 31वें दिन ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। 


नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी हासिल कर रही है। बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 31वें दिन ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म की धीमी शुरुआत के बाद चौथे हफ्ते में कमाई ने अचानक रफ्तार पकड़ी और अब यह साल की चर्चित सरप्राइज हिट्स में शामिल हो गई है। 

₹2 करोड़ के बजट में 100 करोड़ की कमाई

‘हनुमान अंश’ का बजट करीब ₹2 करोड़ रुपए है। फिल्म ने शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत धीमी कमाई की, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी के चलते बाद के हफ्तों में इसकी कमाई तेजी से बढ़ी। रिलीज के 30वें दिन फिल्म करीब ₹99.13 करोड़ नेट तक पहुंच गई थी और 31वें दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर गई।

उत्तराखंड में टैक्स फ्री

फिल्म की सफलता के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। धामी ने देहरादून में फिल्म देखने के बाद कहा कि फिल्म के जरिए नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी साधना और मानव सेवा के संदेश को समझने का अवसर मिलता है। उत्तराखंड में स्थित कैंची धाम नीम करौली बाबा से जुड़ा प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है। 

MP के गायक सुनील लोधी को CM मोहन यादव का तोहफा

‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ से लोकप्रिय हुए सागर के युवा गायक सुनील लोधी को भी बड़ी पहचान मिली है। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुलाकात की और उनकी प्रतिभा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें ₹1 लाख की सम्मान निधि देने की घोषणा की। साथ ही उनके आंखों के इलाज और संगीत की औपचारिक शिक्षा में सरकार की ओर से मदद का भरोसा दिया।

इस तरह ‘हनुमान अंश’ सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि अपने आध्यात्मिक विषय, बुंदेली संगीत और स्थानीय कलाकारों को मिली पहचान के कारण भी चर्चा में है।

Post a Comment

0 Comments