इंदौर के सुभाष नगर से राजकुमार ब्रिज के बीच एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को टक्कर मार दी।
इंदौर। शहर में ‘DCP’ लिखी सरकारी स्कॉर्पियो से कई वाहनों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्कॉर्पियो सुभाष नगर से राजकुमार ब्रिज के बीच कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद डीआरपी लाइन में जाकर खड़ी हो गई।
वायरल वीडियो में सफेद रंग की स्कॉर्पियो एक मोपेड सवार को टक्कर मारती नजर आ रही है। इसके बाद वाहन ने रास्ते में आ रहे अन्य वाहनों को भी चपेट में लिया। राहगीरों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी पुलिस विभाग की होने के कारण लोग सामने आने से बचते नजर आए।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो इंदौर जोन-4 के पूर्व DCP सुनील मेहता को आवंटित सरकारी वाहन है। मेहता 31 अगस्त को VRS के जरिए सेवानिवृत्त हुए हैं। हालांकि, घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और चालक नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला तुकोगंज, परदेशीपुरा और एमजी रोड थाना क्षेत्रों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक घटना करीब दो दिन पुरानी है और अब तक किसी पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत या FIR दर्ज नहीं कराई गई है।

0 Comments