इंदौर। राहुल गांधी का इंदौर दौरा अब 12 सितंबर को नहीं होगा। कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तारीख एक सप्ताह आगे बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी गई है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद यह बदलाव किया गया है।
दरअसल, कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की मांग की थी। इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच पिछले दिनों बयानबाजी के साथ पत्रों का दौर भी चला। कांग्रेस की ओर से स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की गई, वहीं भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को दूसरे स्थानों पर कार्यक्रम करने की सलाह दी।
अब 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने मैदान को संभावित स्थल के तौर पर तैयार करने की कवायद चल रही है। हालांकि, आयोजन स्थल को लेकर अंतिम स्थिति अभी स्पष्ट होना बाकी है। कांग्रेस के पास अन्य वैकल्पिक स्थानों पर भी विचार करने का विकल्प है।
‘छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, फीस वृद्धि और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।
इस पूरे मामले में दिलचस्प बात यह रही कि भाजपा-कांग्रेस के बीच ‘लेटर बम’ चलता रहा और कार्यक्रम की जगह को लेकर सियासत गर्माती रही। अब तारीख 12 की जगह 19 सितंबर हो गई है और कांग्रेस नए स्थल के साथ तैयारियों को आगे बढ़ा रही है।

0 Comments