महाकाल भक्तों के लिए खुशखबरी, 14 सितंबर से ऑनलाइन होगी अतिथि निवास की बुकिंग

 उज्जैन में महाकाल मंदिर समिति द्वारा संचालित पंडित सूर्य नारायण व्यास अतिथि निवास और श्री महाकालेश्वर अतिथि निवास की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर से शुरू होगी।


उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। मंदिर समिति द्वारा संचालित पंडित सूर्य नारायण व्यास अतिथि निवास और श्री महाकालेश्वर अतिथि निवास की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर से शुरू होगी।

मंदिर समिति के जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया के अनुसार, श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दोनों अतिथि निवासों में कमरा बुक कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अपनी यात्रा से एक महीने पहले कमरे की बुकिंग कर पाएंगे।

यानी अगर किसी श्रद्धालु को 14 अक्टूबर को ठहरना है, तो वह 14 सितंबर से बुकिंग कर सकेगा। ऑनलाइन व्यवस्था से श्रद्धालुओं को घर बैठे कमरों की उपलब्धता देखने और बुकिंग करने की सुविधा मिलेगी।

मंदिर समिति का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी होगी। साथ ही श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे बुकिंग के लिए केवल मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें और किसी फर्जी वेबसाइट या एजेंट के झांसे में न आएं।

Post a Comment

0 Comments