इंदौर में दर्दनाक हादसा: कार पर गिरा भारी पेड़, डिप्टी कलेक्टर की मां की मौत

 इंदौर। सेंट्रल जेल के सामने सोमवार को सड़क से गुजर रही दो कारों पर अचानक भारी पेड़ गिर गया। हादसे में डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की 75 वर्षीय मां राधा देवी सिंघी की मौके पर मौत हो गई।

इंदौर। सेंट्रल जेल के सामने सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रही दो कारों पर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। हादसे में एक कार में सवार डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की 75 वर्षीय मां राधा देवी सिंघी की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार उनकी बहन, बहनोई और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

बताया गया कि हादसे के समय डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में थीं। घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने बैठक निरस्त कर अधिकारियों को मौके पर भेजा।

पुलिस ने राधा देवी सिंघी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments