एक्टिवा-बाइक की टक्कर के बाद चाकूबाजी, घायल युवक की मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

 इंदौर के आजाद नगर में रविवार रात एक्टिवा और बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में शिवांश उर्फ शिवा पर चाकू से हमला किया गया।

इंदौर। आजाद नगर इलाके में रविवार रात एक्टिवा और बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई। हमले में घायल शिवांश उर्फ शिवा, पिता संजय बनोड़िया की सोमवार रात अरविंदो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शिवांश एक्टिवा से जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दीपक से उसकी टक्कर हो गई। इसके बाद शिवांश ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया। विवाद बढ़ने पर सुमित, अमित और दीपक के वहां पहुंचने की बात सामने आई। आरोप है कि सुमित ने शिवांश के पैर में चाकू मार दिया। हमले में शिवांश के दोनों दोस्त अमित और लक्की भी घायल हुए।

घटना के बाद लक्की और अमित अपने घायल दोस्त शिवांश को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। ज्यादा खून बहने के कारण उसे जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में परिजन उसे अरविंदो अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।

आरोपियों ने पुलिस को बताई झूठी कहानी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दीपक खुद अपने हाथ में चाकू मारकर थाने पहुंचा और दावा किया कि गाड़ी की टक्कर के बाद कुछ लोगों ने उस पर हमला किया है। लेकिन पुलिस की पूछताछ में उसकी कहानी संदिग्ध पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने शिवांश पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने मामले में सुमित, अमित और दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments