सागर। मध्यप्रदेश के सागर में सोमवार को QRF जवानों की तत्परता से बड़ा रेल हादसा टल गया। मामला मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक का है, जहां माल से लदा एक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक के बीच बंद हो गया। इसी दौरान ट्रेन के आने का समय करीब था।
ट्रक के ट्रैक पर फंसने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद QRF (Quick Response Force) के जवान तुरंत सक्रिय हुए। हालात को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए ट्रक को धक्का लगाना शुरू कर दिया। कुछ ही पलों में जवानों ने भारी ट्रक को रेलवे ट्रैक से बाहर कर दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन के पहुंचने में बेहद कम समय बचा था, ऐसे में अगर ट्रक समय रहते नहीं हटाया जाता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था। जवानों की तेजी से कार्रवाई के चलते संभावित दुर्घटना टल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जवान ट्रक को ट्रैक से हटाते नजर आ रहे हैं।
इस घटना के बाद QRF जवानों की तत्परता और साहस की सराहना की जा रही है। संकट के वक्त जवानों ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा होने से बच गया।

0 Comments