इंदौर। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अमिता पुरोहित की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका के मायके पक्ष ने प्रेस वार्ता कर पति ललित पुरोहित सहित ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि 18 जुलाई 2026 को अमिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया और बाद में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 19 जुलाई की सुबह उनकी मौत हो गई। परिवार का दावा है कि घटना की सूचना देने में देरी हुई और इस दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका है।
मृतका के भाई ने दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया है कि पति के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसके चलते अमिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि पति ने कई बार अमिता से पैसों की मांग की और बैंक खाते से लाखों रुपये का लेनदेन भी हुआ। परिवार का यह भी कहना है कि अमिता आत्मनिर्भर थीं और ब्यूटी पार्लर व सिलाई का कार्य कर अपने पति का आर्थिक सहयोग करती थीं।
परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई और मोबाइल जब्त करने में भी देरी हुई, जिससे डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका बढ़ गई।

0 Comments