राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने IDA में जमा किए 10.08 लाख रुपये

 राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने IDA में 10 लाख 8 हजार 175 रुपये जमा किए हैं। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने IDA का मैदान लिया गया है।


इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) में 10 लाख 8 हजार 175 रुपये जमा किए हैं। कार्यक्रम 19 सितंबर को प्रस्तावित है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के मुताबिक 17, 18 और 19 सितंबर के लिए मैदान लिया गया है और राशि आरटीजीएस के जरिए IDA के खाते में जमा की गई है। कांग्रेस को मंगलवार को औपचारिक अनुमति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने IDA के मैदान को लेकर अनुमति मांगी गई थी। कांग्रेस इस आयोजन स्थल का नाम ‘भारत जोड़ो मैदान’ रखने की तैयारी में है।

चौकसे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों में बाधा डालने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर में भी मैदान को लेकर नियम-कानून का हवाला दिया जा रहा है, जबकि रीजनल पार्क में पहले कई राजनीतिक कार्यक्रम हो चुके हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यक्रम को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट कर चुकी है और कार्यक्रम से पीछे नहीं हटेगी।

Post a Comment

0 Comments