भोपाल के रवींद्र भवन में सोमवार को मध्य प्रदेश पुलिस के पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों और नवनियुक्त पुलिसकर्मियों के सम्मान में आभार प्रदर्शन समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बैज लगाए और नई भर्ती में चयनित जवानों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में 27,534 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया में देरी के चलते करीब 20 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त भी हो गए। पदोन्नत होने वालों में 30 रक्षित निरीक्षक डीएसपी बने हैं।
वहीं पुलिस भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2023 से अब तक 14,704 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। वर्ष 2026 में विभिन्न पदों पर 9,751 पुलिसकर्मियों की नई भर्ती को मंजूरी दी गई है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में आरक्षक और सब-इंस्पेक्टर के लंबित पदों की भर्ती पूरी करना है।
नई बटालियन की भी घोषणा
सीएम ने खंडवा में नई पुलिस बटालियन गठित करने की घोषणा की। इसके अलावा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल की तीन नई बटालियन बनाई जाएंगी, जिनमें बैगा, भारिया और सहरिया जैसे अति पिछड़े जनजातीय वर्गों की कंपनियां भी शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा से ड्यूटी करने का आह्वान करते हुए कहा कि “पुलिस अपनी ड्यूटी निभाए, सरकार आपके परिवार के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।” डीजीपी कैलाश मकवाना ने बताया कि नई भर्तियों और प्रशिक्षण के बाद पुलिस बल को सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा व्यवस्था में भी लगाया जाएगा।

0 Comments