भोपाल में झमाझम बारिश से राहत भी, आफत भी; 24 घंटे में 7 इंच पानी

 


भोपाल में लगातार हो रही तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। पिछले 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे भारी बारिश बताई जा रही है। भारी बारिश के चलते शहर के 50 से ज्यादा इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और कई सड़कें पानी में डूब गईं।

बारिश से कलियासोत डैम में करीब 1 फीट, केरवा डैम में 3 फीट और कोलार डैम में 1 फीट पानी बढ़ा है। वहीं बाणगंगा नदी उफान पर आने के बाद भोपाल-बैरसिया रोड को एहतियातन बंद करना पड़ा।

वीआईपी रोड, जेपी हॉस्पिटल समेत कई इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। कोलार रोड, करोंद, नारियलखेड़ा, बैरागढ़, गांधी नगर और अयोध्या बायपास में भी जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई कॉलोनियों और अपार्टमेंट के बेसमेंट में पानी भर गया, जिससे बिजली मीटरों तक पानी पहुंचने के कारण हादसे का खतरा बढ़ गया।

भारी बारिश को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई, लेकिन आदेश देर से जारी होने के कारण कई बच्चे पहले ही स्कूल पहुंच चुके थे।

Post a Comment

0 Comments