महू। जय शिव शंकर कावड़ यात्रा संघ कोदरिया, अन्नपूर्णेश्वर महादेव समिति, राष्ट्रीय लोधी महासभा और संस्था समर्थ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 17वीं जय शिव शंकर कावड़ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में कोदरिया और आसपास के गांवों के 140 कावड़िये और सेवादार शामिल हुए, जिनमें 118 कावड़िये थे।
यात्रा 5 अगस्त को कोदरिया के शहीद भगतसिंह चौराहे से ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुई थी। 6 अगस्त को कावड़ियों ने भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन और पूजन के बाद मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर पवित्र जल कावड़ में लिया। इसके बाद बोल बम के जयकारों के साथ यात्रा शुरू हुई।
यात्रा के दौरान मोरटक्का, बलवाड़ा, मेमदी और महू में रात्रि विश्राम किया गया। मोरटक्का स्थित केदार कृपा आश्रम में महामंडलेश्वर डॉ. हरिरामानंद जी महाराज का सानिध्य और प्रवचन प्राप्त हुआ। वहीं बाई ग्राम के पास शासन की ओर से कावड़ियों के लिए भोजन, चाय-पानी, फलाहार और विश्राम की व्यवस्था की गई।
10 अगस्त को यात्रा कोदरिया पहुंची। यहां उदासीन आश्रम में पीठाधीश्वर श्री सत्यानंद जी महाराज ने कावड़ का पूजन कर कावड़ियों को प्रसाद वितरित किया। इसके बाद अन्नपूर्णेश्वर मंदिर में यात्रा आचार्य पंडित राहुल शर्मा ने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। कावड़ियों ने परिवार सहित भगवान शिव का जलाभिषेक किया, जिसके साथ यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान परंपरा के अनुसार वृक्षारोपण, स्वच्छता, साफ-सफाई और धार्मिक एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन भी दिया गया। यात्रा प्रभारी नरेंद्र कौशल और अध्यक्ष संदीप कौशल रहे।
यात्रा का स्वागत महू विधायक उषा ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, वरिष्ठ समाजसेवी राधेश्याम यादव, अखिल भारतीय लोधी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव पिल्लू कौशल, भाजपा जिला महामंत्री रामस्वरूप गेहलोत, जिला कोषाध्यक्ष हेमचंद मित्तल, ग्राम पंचायत कोदरिया के सरपंच सतीश डाबर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने किया।
आयोजन को सफल बनाने के लिए यात्रा संयोजक मुकेश जरिया एडवोकेट ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।



0 Comments