इंदौर। नगर निगम इंदौर ने भवनों की डीम्ड और तत्काल स्वीकृति की जांच के दौरान गलत तरीके से नक्शे पास कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद निगम ने तीन कंसल्टेंट/इंजीनियर के लाइसेंस निरस्त कर उन्हें निगम में काम करने से प्रतिबंधित कर दिया है।
नगर निगम क्षेत्र में ऐसे भवनों की जांच की जा रही है, जिनमें डीम्ड स्वीकृति प्राप्त की गई है। जांच के दौरान ऐसे मामलों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां भवन स्वामियों ने गलत जानकारी के आधार पर स्वीकृति हासिल की या नियमानुसार शुल्क जमा नहीं किया।
निगम की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ कंसल्टेंट और इंजीनियर द्वारा नियमों के विपरीत भवनों की स्वीकृति प्रक्रिया कराई गई। इसके बाद निगम ने जसपाल पाटीदार, अतुल त्रिवेदी और सुनील कुमावत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। साथ ही उन्हें नगर निगम में कार्य करने से प्रतिबंधित किया गया है।
नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि डीम्ड/तत्काल स्वीकृति से जुड़े मामलों की जांच आगे भी जारी रहेगी। गलत स्वीकृति लेने वाले भवन स्वामियों के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन कर स्वीकृति कराने वाले कंसल्टेंट और इंजीनियरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments