इंदौर की चुनरी यात्रा में सियासी चर्चा तेज: एकलव्य गौड़ ने ताई के छुए पैर, कैलाश विजयवर्गीय को लेकर वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल

इंदौर की चुनरी यात्रा में एकलव्य सिंह गौड़ का वीडियो चर्चा में है। मालिनी गौड़ की जलसंकट बैठक से दूरी और यात्रा के बैनरों को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल उठ रहे हैं।

इंदौर। भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा के दौरान सामने आए एक वीडियो को लेकर शहर की राजनीति में चर्चाएं तेज हैं। वीडियो में विधायक मालिनी गौड़ के पुत्र एकलव्य सिंह गौड़ पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पैर नहीं छूने के दृश्य को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनाया जा रहा है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में विधायक मालिनी गौड़ ने कैलाश विजयवर्गीय द्वारा बुलाई गई जलसंकट संबंधी बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया था। मालिनी गौड़ ने कहा था कि बैठकों में समस्याएं रखने के बावजूद उनका समाधान नहीं होता, इसलिए ऐसी बैठक में जाने का कोई फायदा नहीं है।

इससे पहले चुनरी यात्रा के प्रचार से जुड़े होर्डिंग और बैनर में भी कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर नहीं होने की चर्चा हुई थी। अब एकलव्य सिंह गौड़ के वीडियो और बैठक से मालिनी गौड़ की दूरी को जोड़कर भाजपा के भीतर राजनीतिक समीकरणों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पहुंचने से पहले ही विजयवर्गीय का वहां से निकलने के घटनाक्रम को लेकर भी चर्चाएं है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इंदौर भाजपा में नेताओं के बीच सब कुछ सामान्य है, या फिर सामने आ रहे ये घटनाक्रम पार्टी के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रहे हैं? 

Post a Comment

0 Comments