इंदौर में डेयरी एनालॉग खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध के आदेश के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। जिले के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच के दौरान करीब 1,816 किलो पनीर और मावा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.72 लाख रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पालदा स्थित उमापति इंडस्ट्रीज में कार्रवाई करते हुए करीब 450 किलो लो-फैट पनीर जब्त किया। इसकी कीमत करीब 1.17 लाख रुपये बताई गई है। निरीक्षण में साफ-सफाई, ड्रेनेज और भंडारण व्यवस्था में खामियां मिलीं। इसके अलावा पनीर निर्माण में इस्तेमाल पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। विभाग ने पनीर का सैंपल लेकर निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया।
नारायण डेयरी, ग्राम अकवी से करीब 350 किलो पनीर जब्त किया गया। यहां से तीन सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। वहीं नंदा नगर स्थित मोहनी मावा भंडार से करीब 716 किलो डेयरी एनालॉग मावा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा श्री बालाजी ट्रेडिंग से करीब 300 किलो मावा जब्त किया गया। यहां मावा और मिल्क केक के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के मुताबिक सभी जब्त खाद्य पदार्थों और लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित आदेशों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि डेयरी एनालॉग और असली दुग्ध उत्पाद जैसा आभास कराने वाले गैर-दुग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

0 Comments