इंदौर। श्रावण माह के अवसर पर बुधवार को पितृ पर्वत स्थित पितरेश्वर हनुमान धाम में धार्मिक आयोजन हुआ। पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने सैकड़ों युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सात बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने प्रार्थना की कि भारत विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बने।
विद्याधाम के संत महामंडलेश्वर चिन्मयानंद के सानिध्य में सुंदरकांड का आयोजन भी किया गया। आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि श्रावण माह में पितृ पर्वत पर सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 29 जुलाई से शुरू हुआ है, जिसका समापन 28 अगस्त को होगा।
ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर की स्मृति में किया वृक्षारोपण
आकाश विजयवर्गीय ने बताया कि बुधवार को हरियाली अमावस्या के साथ विद्याधाम के ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर गिरिजानंद सरस्वती की पुण्यतिथि भी है। उनकी स्मृति में पितृ पर्वत पर वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार पौधरोपण की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस वर्ष 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इससे पहले वर्ष 2024 में 51 लाख पौधों के रोपण का अभियान भी चलाया गया था।
तिरंगा रैली में शामिल होने की अपील
कार्यक्रम के दौरान आकाश विजयवर्गीय ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से तिरंगा रैली में शामिल होने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।



0 Comments