कलयुगी पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश?

 


जयपुर। राजस्थान के जयपुर में महेश मीणा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने महेश की पत्नी कविता मीणा और उसके प्रेमी गणेश को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। दावा है कि दोनों ने मिलकर महेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

जानकारी के मुताबिक, 5 अगस्त को कविता महेश को दवाई दिलाने के बहाने बाइक से लेकर गई थी। जांच में सामने आया कि इसके बाद महेश को जूस पिलाया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस का आरोप है कि जूस में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। हालत बिगड़ने के बाद भी महेश को तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

शुरुआत में परिवार को महेश की तबीयत खराब होने से मौत की बात बताई गई थी। हालांकि, परिजनों को घटनाक्रम पर संदेह हुआ और 16 अगस्त को पुलिस में शिकायत दी गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। पुलिस के मुताबिक, CCTV और बयानों में सामने आए विरोधाभासों से जांच की दिशा बदली और कविता तथा गणेश तक पुलिस पहुंची।

बताया जा रहा है कि कविता और गणेश के बीच लंबे समय से कथित प्रेम संबंध था और इसी रिश्ते के चलते महेश की हत्या की साजिश रची गई। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments