दर्दनाक तस्वीर...अंतिम संस्कार के लिए जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण

 


दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के सिंग्रामपुर से सिस्टम के विकास के दावों पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को अपने मृत परिजन का शव कंधे पर रखकर पानी के बीच से होकर श्मशान घाट तक पहुंचना पड़ा।

मिली जानकारी के मुताबिक, सिंग्रामपुर के टगरा मोहल्ले में नदी पर पुल या पुलिया नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में ग्रामीणों के लिए श्मशान घाट तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। हाल ही में सामने आए वीडियो में कई ग्रामीण अर्थी को कंधे पर उठाकर पानी के बीच से नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने पर अंतिम संस्कार के लिए यही रास्ता इस्तेमाल करना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से यहां पुल या पुलिया बनाने की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीणों का दावा है कि करीब तीन साल पहले पुल निर्माण के लिए करीब 40 लाख रुपये की लागत की फाइल भी तैयार की गई थी, लेकिन अब तक निर्माण जमीन पर नहीं उतर सका।

Post a Comment

0 Comments