लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई की सलमान खान को चेतावनी, बोले- माफी मांगें, वरना भुगतने होंगे परिणाम

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने सलमान खान से बिश्नोई समाज से माफी मांगने को कहा। इसी बीच गैंग से जुड़े अनिल पंडित के नाम से सामने आए कथित ऑडियो में सलमान और उनके परिवार को धमकी दी गई।

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लेकर लॉरेंस बिश्नोई के परिवार की ओर से एक बार फिर बयान सामने आया है। लॉरेंस के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने सलमान खान और उनके परिवार से बिश्नोई समाज से माफी मांगने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह पूरे समाज से जुड़ा मामला है और समाज में इसे लेकर नाराजगी है।

यह बयान अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद सामने आया है। इस घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले अनिल पंडित और हरमन संधू ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी भी ली। 

इसके बाद सामने आए एक ऑडियो में सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से माफी मांगने के लिए कहा गया। ऑडियो में सलमान के परिवार को भी धमकी दी गई। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और धमकियों की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद की जड़ 1998 का काले हिरण के शिकार का मामला है। हालांकि, रमेश बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि वह गैंग की ओर से कही गई बातों का हवाला दे रहे हैं, न कि अपने शब्दों में धमकी दे रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments