विजय नगर में रावण दहन के दौरान भीड़ के चलते मंत्री का काफिला फंसा। मंत्री ने पुलिस को व्यवस्था सुधारने और इमरजेंसी लेन खुली रखने की नसीहत दी।
इंदौर के विजय नगर में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्थाओं की स्थिति बन गई। भीड़ के कारण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक रमेश मेंदोला का काफिला रास्ते में फंस गया। करीब आधे घंटे तक रास्ता नहीं मिलने के बाद दोनों नेताओं को गाड़ी से उतरकर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाना पड़ा।
सुरक्षाकर्मियों ने दोनों नेताओं को घेरे में लेकर करीब 150 मीटर तक पैदल पहुंचाया। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद भी मंत्री विजयवर्गीय की नाराजगी नजर आई। उन्होंने मंच से पुलिस अधिकारियों को दो बार व्यवस्था सुधारने की नसीहत दी।
मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में भीड़ अधिक होने के बावजूद रास्ते की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजनों में आपातकालीन वाहनों और एंबुलेंस के निकलने के लिए रास्ता खुला रहना चाहिए।

0 Comments