इंदौर: हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान से जुड़ी 46 संपत्तियां मिलीं, बाजार कीमत 64 करोड़ से ज्यादा

इंदौर में हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान, उनके परिवार और संबंधित फर्म के नाम पर 46 अचल संपत्तियां मिलने की जानकारी सामने आई है। इनकी बाजार कीमत 64 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। लोकायुक्त फर्म से जुड़े अन्य विवरणों की जांच कर रहा है।

इंदौर। लोकायुक्त की जांच में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान, उनके परिवार और उनसे जुड़ी फर्म के नाम पर कुल 46 अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। इन संपत्तियों की बाजार कीमत 64 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जांच के दौरान इंदौर के रंगवासा गांव में वर्ष 2023-24 में खरीदी गई कृषि भूमि का पता चला। इसके अलावा, जुलाई 2024 में लसूड़िया मोरी के वार्ड नंबर 35 में 11.7710 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदे जाने की जानकारी भी मिली। इस जमीन का गाइडलाइन मूल्य 3.85 करोड़ रुपये बताया गया है।

जांच के अनुसार, ये जमीनें स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई हैं। इस फर्म का संबंध फिरोज खान की पत्नी हिना खान और इंदौर निवासी युवराज पंवार से बताया गया है। इन संपत्तियों की खरीद पर कुल 18.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी है।

लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर चल रही इस जांच में अब फर्म से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Post a Comment

0 Comments