इंदौर में 20 वर्षीय छात्रा ने दादा पर बैट से किया हमला, मौत; गलत नजर रखने का लगाया आरोप

इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा पर अपने 75 वर्षीय दादा की क्रिकेट बैट से हत्या करने का आरोप है। छात्रा ने पूछताछ में दादा पर गलत नजर रखने और अश्लील हरकतें करने के आरोप लगाए हैं।

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने अपने 75 वर्षीय दादा पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा शनिवार रात बुलेट से अपने दादा-दादी के घर पहुंची थी। रात में किसी बात को लेकर दादा के साथ उसका विवाद हुआ। इसी दौरान छात्रा ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट से उनके सिर पर कई वार कर दिए।

हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पत्नी ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अरविंदो अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पूछताछ के दौरान छात्रा ने अपने दादा पर गलत नजर रखने और अश्लील हरकतें करने के आरोप लगाए हैं। छात्रा का दावा है कि कथित व्यवहार से वह लंबे समय से परेशान थी। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments