भागीरथपुरा जल हादसा: मृतकों के परिजनों से मिली कांग्रेस, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

 भागीरथपुरा दूषित जल हादसे के बाद कांग्रेस ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए आयोग की अनुशंसाओं के अनुसार पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत देने की मांग की।

इंदौर। भागीरथपुरा दूषित जल हादसे को लेकर न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल फिर तेज हो गई है। रविवार को इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे अपने साथियों के साथ हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के घर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की।

कांग्रेस नेताओं ने परिजनों को न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट और उसमें की गई अनुशंसाओं की जानकारी दी। इस दौरान परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना था कि घटना के बाद परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अब तक घोषित मुआवजा नहीं मिला है। उनका कहना था कि बीमार परिजनों के इलाज में उन्हें अपनी ओर से खर्च करना पड़ा। कुछ परिवारों ने अस्पताल से शव प्राप्त करने में भी खर्च होने की बात कही और सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कsuहा कि कांग्रेस न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि आयोग ने पीड़ित परिवारों के लिए राहत और मुआवजे को लेकर जो अनुशंसाएं की हैं, सरकार को उन्हें तत्काल लागू करना चाहिए।

चौकसे ने कहा कि पीड़ित परिवारों की मांग के अनुसार कांग्रेस इस मामले को लेकर एक बार फिर आंदोलन करेगी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाएगी।

इस दौरे में निगम नेता प्रतिपक्ष सोनीला मिमरोट भाटिया, पार्षद राजू भदौरिया, घनश्याम यादव, महेश खिची , आशीष यादव, रानू मलेरिया, अमित यादव , रमेश बिंजवा, पूनम सवारिया आदि उपस्थित रहे.

Post a Comment

0 Comments