भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से मंडीदीप जाते समय सड़क हादसे में घायल युवक को देखकर अपना काफिला रुकवा दिया।
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को भोपाल से मंडीदीप जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी नजर सड़क हादसे में घायल एक युवक पर पड़ी। युवक को सड़क पर घायल अवस्था में देखकर शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल अपना काफिला रुकवा दिया।
शिवराज ने मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से घायल युवक को सड़क से उठवाया और एंबुलेंस तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई। इसके बाद घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान ‘गोल्डन ऑवर’ की अहमियत बताते हुए कहा कि सड़क हादसे के बाद शुरुआती समय में घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर मदद मिलने से किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से भी सड़क हादसे में घायलों की मदद के लिए आगे आने और सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की।

0 Comments