सत्य निकेतन हादसे में हरिराम गुप्ता और उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं उनके बेटे महेश गुप्ता को 2 दिन की पुलिस कस्टडी मिली है।
नई दिल्ली। सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत ढहने से हुई मौतों के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता और उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं उनके बेटे महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।
पुलिस ने हादसे के बाद तीनों को गिरफ्तार किया था। हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया था। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इमारत में PG संचालित हो रहा था और हादसे के वक्त यहां छात्र रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण/रेनोवेशन का काम चल रहा था। इसी दौरान पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। मामले में दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। सरकार ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए हैं।
हादसे के बाद प्रशासन और MCD की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इमारत में निर्माण कार्य की अनुमति थी या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है।

0 Comments