इंदौर के राजवाड़ा पर हुए दर्दनाक बस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जांच में सामने आया है कि बस के बेकाबू होने के पीछे ड्राइवर की लापरवाही थी। कलेक्टर के मुताबिक ड्राइवर ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे बस अचानक आगे बढ़ी और लोगों व ऑटो को चपेट में ले लिया।
इंदौर के राजवाड़ा में हुए दर्दनाक बस हादसे में दो लोगों की मौत के बाद अब हादसे की वजह को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया की शुरुआती तौर पर बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद की जांच और ड्राइवर से पूछताछ में सामने आया कि बस को ड्राइव मोड में डालने के दौरान ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दब गया, जिसके बाद बस अचानक आगे बढ़ गई और बेकाबू हो गई।
हादसे में बस ने ई-रिक्शा और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर धनराज गांगले को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू की।
वाहनों की सुरक्षा जांच, ड्राइवरों की दोबारा ट्रेनिंग
हादसे के बाद प्रशासन ने बसों की सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक वाहनों की सेफ्टी जांच की गई है और फिलहाल ऐसी कोई तकनीकी खामी सामने नहीं आई है, जिससे हादसे का मुख्य कारण वाहन की खराबी माना जाए। हालांकि, बस की तकनीकी और मैकेनिकल जांच भी जांच का हिस्सा है।
हादसे को गंभीरता से लेते हुए सभी ड्राइवरों की दोबारा ट्रेनिंग कराने की तैयारी है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। वहीं राजवाड़ा जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में बसों और अन्य वाहनों को खड़ा होने से रोकने के लिए भी प्रशासन व्यवस्था में बदलाव पर काम कर रहा है।
फिलहाल हादसे की जांच में ड्राइवर की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आई है, जबकि वाहन की तकनीकी स्थिति से जुड़े सभी पहलुओं की जांच भी जारी है।
0 Comments