राहुल गांधी के कार्यक्रम पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने, सुमित मिश्रा के पत्र का विपिन वानखेड़े ने दिया जवाब

 


इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी है, लेकिन अब तक अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

इसी मुद्दे पर बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम के लिए सुपर कॉरिडोर को बेहतर विकल्प बताया था। उन्होंने पत्र में 50 हजार युवाओं की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए पार्किंग और भोजन जैसी व्यवस्थाओं का भी जिक्र किया था।

अब कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने सुमित मिश्रा को जवाबी पत्र लिखा है। वानखेड़े ने कहा कि सुमित मिश्रा के पत्र से ऐसा लगता है कि उन्हें राहुल गांधी के कार्यक्रम की सफलता को लेकर चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और बीजेपी युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

‘नेहरू स्टेडियम में पहले भी जुटी है हजारों की भीड़’

वानखेड़े ने अपने पत्र में नेहरू स्टेडियम में पहले हुए बड़े आयोजनों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 40 से 60 हजार तक लोगों की मौजूदगी वाले कार्यक्रम पहले भी आयोजित हो चुके हैं। उन्होंने शान लाइव कॉन्सर्ट, बलिदान दिवस समारोह, शौर्य कुंभ और नगर स्थापना वर्षगांठ जैसे आयोजनों का हवाला दिया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम केवल राजनीतिक सभा नहीं है, बल्कि छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं पर संवाद के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। 

वानखेड़े ने सुमित मिश्रा से अपील की कि वे “छोटी मानसिकता का त्याग” करें और नेहरू स्टेडियम की अनुमति दिलाने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने युवाओं के प्रति न्यायपूर्ण नीतियां बनाने की मांग की और राहुल गांधी के कार्यक्रम का दिल खोलकर स्वागत करने की बात कही।

इस तरह राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले नेहरू स्टेडियम अब बीजेपी-कांग्रेस के बीच सियासी खींचतान का केंद्र बन गया है।

Post a Comment

0 Comments