इंदौर: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इंदौर कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात करना चाहते थे।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कलेक्टर से मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने की बात कही। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने गेट तोड़कर ऊपर जाने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया।
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। प्रदर्शनकारी लगातार सरकारी स्कूलों की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे। उनका कहना है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कई स्तरों पर व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत है और सरकार को विद्यार्थियों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।
ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य सरकारी स्कूलों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखना है। उन्होंने मांग की कि स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए। प्रदर्शन के बाद छात्र नेताओं ने कलेक्टर को अपनी मांगों का ज्ञापन शांतिपूर्ण तरीके से सौंपने की बात कही।


0 Comments