इंदौर: शहर के गाड़ी अड्डा इलाके की वाल्मीकि बस्ती में सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने के बाद मौके पर करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों के साथ कोई हादसा न हो।
फिलहाल सड़क धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मौके की स्थिति को देखते हुए बताया जा रहा है कि यहां पहले ड्रेनेज लाइन बिछाई गई थी और पास में ड्रेनेज का चैंबर भी मौजूद है। ऐसे में आशंका है कि ड्रेनेज लाइन या चैंबर से जुड़ी किसी समस्या के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हुई और सड़क धंस गई। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
गनीमत रही कि सड़क धंसने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। नगर निगम की टीम ने फिलहाल इलाके को सुरक्षित कर दिया है और सड़क धंसने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद सड़क निर्माण और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

0 Comments