इंदौर में गेट पर रोकना पड़ा भारी: चौकीदार को कार से कुचला, इलाज के दौरान मौत

 


इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र की एक टाउनशिप में बुधवार रात ड्यूटी कर रहे चौकीदार की कार से कुचलने के बाद मौत हो गई। आरोप है कि टाउनशिप में जबरन घुसने से रोकने पर कार चालक ने पहले चौकीदार को थप्पड़ मारा और फिर कार से उसे और उसके रिश्तेदार को कुचल दिया।

जानकारी के मुताबिक, अरंडिया गांव निवासी राजा उर्फ कमल कुमावत अपने दोस्तों के साथ कार से टाउनशिप में जाने लगा। गेट पर तैनात चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय ने रात का समय होने के कारण उसे रोककर पूछताछ की। इसी बात पर विवाद हुआ और आरोप है कि राजा ने धर्मेंद्र को थप्पड़ मारे।

इसके बाद राजा ने टाउनशिप के अधिकारी से चौकीदार की बात भी कराई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि बाद में उसने कार से धर्मेंद्र और वहां मौजूद उसके रिश्तेदार गोविंद को कुचल दिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान धर्मेंद्र की मौत हो गई। गोविंद को भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद धर्मेंद्र के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments