राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सियासत तेज, BJP नगर अध्यक्ष ने जीतू पटवारी को लिखी चिट्ठी

 


इंदौर। राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी। कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 50 हजार छात्र और युवा शामिल हो सकते हैं और राहुल गांधी शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और फीस जैसे मुद्दों पर उनसे संवाद करेंगे।

हालांकि, नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति को लेकर पेंच फंस गया है। नगर निगम की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने निगमायुक्त से मुलाकात की। कांग्रेस का कहना है कि इंदौर में कार्यक्रम के लिए कई जगह उपलब्ध हैं और अगर अनुमति नहीं दी गई तो यह सरकार के डर को दिखाएगा।

इसी बीच बीजेपी इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कार्यक्रम के लिए जगह तलाशने में परेशानी हो रही है तो सुपर कॉरिडोर बेहतर विकल्प हो सकता है। पत्र में उन्होंने कहा कि यहां बड़े आयोजन के साथ भोजन और पार्किंग की व्यवस्था भी की जा सकती है।

सुमित मिश्रा ने कांग्रेस के कार्यक्रम आयोजन को लेकर कई सवाल उठाते हुए इसे सौहार्दपूर्ण राजनीतिक परंपरा के संदर्भ में सुझाव बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस उनके सुझाव को गंभीरता से लेगी।

Post a Comment

0 Comments