शिक्षक भर्ती पर भोपाल में सियासी घेराव, शिवराज और CM मोहन का काफिला रोका

 भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती के पद बढ़ाने और दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग को लेकर वर्ग-1 के चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है।


मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन शुक्रवार को और तेज हो गया। नीलम पार्क में धरना और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा।

वर्ग-1 के अभ्यर्थी 12 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका दावा है कि उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2023 में 8720 पद विज्ञापित किए गए थे, लेकिन पहली काउंसलिंग में केवल 2901 पदों पर नियुक्तियां हुईं। अभ्यर्थी बचे हुए पदों पर दूसरी काउंसलिंग और पदवृद्धि की मांग कर रहे हैं। 

अभ्यर्थियों ने शिवराज सिंह चौहान से कहा कि “यह भर्ती आपके समय की है, आपको आना होगा।” उन्होंने वर्ग-1 में 10 हजार नए पद जोड़ने की मांग रखी है। वहीं उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण कई उम्मीदवार ओवरएज होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

वर्ग-2 में 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद की मांग

वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती-2025 के अभ्यर्थी भी करीब 15 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला रोककर वर्ग-2 में कम से कम 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाने की मांग की। वर्ग-2 में प्रत्येक विषय में करीब 3 हजार पद बढ़ाने और बढ़े हुए पदों के आधार पर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग भी है।

अभ्यर्थियों का दावा है कि बड़ी संख्या में शिक्षक पद खाली होने के बावजूद मौजूदा भर्ती में सीमित पदों पर ही प्रक्रिया चल रही है। वर्ग-3 के अभ्यर्थी भी दूसरी काउंसलिंग की मांग कर रहे हैं। 

Post a Comment

0 Comments