इंदौर में भाजपा पार्षद और भजन गायक आमने-सामने

 इंदौर के वार्ड क्रमांक 9 में बिजली का पोल लगाने को लेकर भाजपा पार्षद राहुल जायसवाल और भजन गायक गन्नू महाराज के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


इंदौर। वार्ड क्रमांक 9 में बिजली का पोल लगाने को लेकर भाजपा पार्षद राहुल जायसवाल और भजन गायक गन्नू महाराज के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों के बीच पोल की ऊंचाई और उसके स्थान को लेकर बहस होती दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, मामला कमला नेहरू कॉलोनी में बने संस्कार भवन और योग केंद्र के आसपास का बताया जा रहा है। यहां नगर निगम कर्मचारियों द्वारा बिजली का पोल लगाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान पोल की ऊंचाई को लेकर गन्नू महाराज और पार्षद के बीच विवाद हो गया।

वायरल वीडियो में गन्नू महाराज निगम कर्मचारियों से 10 फीट की ऊंचाई पर पोल लगाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वे 8 फीट की ऊंचाई पर पोल लगाने का विरोध करते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात भी कहते हैं। वीडियो में वे हाथ जोड़कर अपनी बात रखते हुए भी दिखाई देते हैं।

 बताया जा रहा है कि गन्नू महाराज का घर संस्कार भवन के सामने है और वहां उनके तथा किराएदारों के वाहन खड़े होते हैं। इसी वजह से पोल की ऊंचाई और स्थान को लेकर आपत्ति जताई गई।

वहीं, पार्षद राहुल जायसवाल का कहना है कि यहां बच्चों को संस्कार की शिक्षा देने के उद्देश्य से संस्कार भवन और योग केंद्र बनाया गया है। उनके मुताबिक, इसके निर्माण को लेकर पहले भी विवाद और इसे रोकने का प्रयास किया जा चुका है।

मामले को लेकर स्थानीय रहवासियों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाए जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर विवाद चर्चा में है।

Post a Comment

0 Comments