इंदौर में देर रात हादसा: रैलिंग तोड़कर 50 फिट नीचे गिरी थार; 4 घायल

 इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में देर रात करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार Thar प्रतीक सेतु की रेलिंग तोड़कर करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में देर रात करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर प्रतीक सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक गाड़ी अन्नपूर्णा से बिजलपुर की ओर जा रही थी। पुल पर अचानक अनियंत्रित होने के बाद वाहन रेलिंग से टकराया और नीचे जा गिरा। टक्कर के बाद गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग भी खुल गए।

हादसे में घायल लोगों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकाला।

एडिशनल डीसीपी निधि सक्सेना के अनुसार हादसा राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु पर हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं। हादसे के वक्त पुल पर कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था।

Post a Comment

0 Comments