इंदौर में लसूड़िया पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताने वाले 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार किया है। होटल शेरेटन में खाना खाने के बाद बिल चुकाने की बारी आई तो उसने कहा कि उसका PA आकर भुगतान करेगा।
इंदौर पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर रौब जमाने वाले 28 वर्षीय युवक हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला है और इंदौर के ओमेक्स सिटी-1 स्थित शुभ आंगन प्रीमियम में किराए के मकान में रह रहा था।
मामला तब सामने आया जब आरोपी इंदौर के शेरेटन होटल में खाना खाने पहुंचा। बिल देने की बारी आई तो उसने कहा कि अभी उसके पास पैसे नहीं हैं और उसका PA करीब दो घंटे में आकर भुगतान कर देगा। उसने होटल की सर्विस बुक में अपना नाम ‘राज सोनी’ लिखवाया। भुगतान नहीं होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक ने खुद को IAS अधिकारी राज सोनी और जिला कलेक्टर बताया। हालांकि, पुलिस द्वारा पोस्टिंग और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगने पर वह कोई संतोषजनक प्रमाण नहीं दे सका। पूछताछ में आखिरकार उसने अपना असली नाम हिमांशु पांचाल बताया।
घर के बाहर लगा रखी थी फर्जी नेम प्लेट
पुलिस जब आरोपी के किराए के मकान पर पहुंची तो बाहर ‘IAS RAJ SONI – District Collector’ लिखी काले रंग की नेम प्लेट लगी मिली। घर के अंदर ‘IAS सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम और कलेक्टर होने का भ्रम पैदा करने वाली अन्य सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक महीने पहले इंदौर आया था और लगभग 15 दिन पहले फर्जी नेम प्लेट लगाई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ गुजरात के अडालज थाने में मई 2026 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने फर्जी IAS बनकर इंदौर या अन्य जगहों पर और कितने लोगों को प्रभावित या ठगी का शिकार बनाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 204 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 Comments