राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस की तैयारी तेज, महू पहुंचे हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा- हर छात्र तक पहुंचें

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने महू और देपालपुर विधानसभा में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर हर छात्र तक पहुंचने के निर्देश दिए।
इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने विधानसभावार बैठकों के दूसरे दिन महू और देपालपुर विधानसभा का दौरा किया। महू में चंपावाला बंगला गार्डन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद चौधरी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
बैठक में चौधरी ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह युवाओं का कार्यक्रम है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसमें युवाओं का सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और कार्यकर्ताओं को हर छात्र तक पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम से जोड़ना है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपना 100 प्रतिशत देना है और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी युवा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से दूर न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर छात्रों से संपर्क करने की अपील की।

महू विधानसभा की बैठक दोपहर 2 बजे, जबकि देपालपुर विधानसभा की बैठक शाम 5 बजे आयोजित की गई। कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम के लिए महज छह दिनों में अब तक 1.5 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।

महू की बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश सह-प्रभारी सचिव रणविजय लोचन, सह-प्रभारी उषा नायडू, जिला प्रभारी विजयलक्ष्मी साधो, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं देपालपुर की बैठक में दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष मोती सिंह पटेल, पूर्व राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, कांग्रेस नेता राधेश्याम पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश बढ़वाया और जिला संगठन महासचिव दौलत पटेल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments