इंदौर के इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट एंड मैनेजमेंट साइंसेस में नवप्रवेशित मैनेजमेंट विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित हुआ। पंकज व्यास ने छात्रों को लक्ष्य तय कर लगातार सीखने और नई तकनीक के साथ अपडेट रहने की सलाह दी।
इंदौर। इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट एंड मैनेजमेंट साइंसेस में नवप्रवेशित मैनेजमेंट विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संस्थान, मैनेजमेंट क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, इंडस्ट्री की जरूरतों और प्रोफेशनल स्किल्स के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पंकज व्यास ने विद्यार्थियों से कहा कि दीक्षारंभ केवल शिक्षा की शुरुआत नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों की भी नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सबसे पहले यह तय करना चाहिए कि उन्हें आगे क्या करना है। नौकरी हो या बिजनेस, केवल काम करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लक्ष्य निर्धारित कर लगातार सीखना और नई तकनीक के साथ खुद को अपडेट करना जरूरी है।
उन्होंने 2G से लेकर AI तक तकनीक में आए बदलाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जो व्यक्ति समय के साथ खुद को अपडेट करता रहा, वह दूसरों से अलग खड़ा हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी स्किल्स लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया।
सिर्फ डिग्री नहीं, इन स्किल्स पर भी देना होगा ध्यान
डॉ. प्रणीत सिसोदिया ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को कम्युनिकेशन स्किल, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, समस्या समाधान और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी होगी।
डॉ. सृष्टि सराफ ने कहा कि कॉलेज जीवन करियर की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सेमिनार, वर्कशॉप, प्रोजेक्ट और इंडस्ट्री विजिट जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
डायरेक्टर डॉ. तपेश दुबे ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है, जहां वे अपने हुनर और व्यक्तित्व को बेहतर बना सकें। प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा ने कहा कि मैनेजमेंट क्षेत्र में सफलता के लिए विषय ज्ञान के साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में डिप्टी एचआर मैनेजर अरविंद गंगराड़े, डीन लॉ डॉ. सुरेंद्र कुमार निराला, डॉ. अश्विनी यादव, अभय खेर, दामिनी सिंह, शुभांगी शाही और डॉ. मनस्वी भदौरिया सहित अन्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ. प्रियांशु जोशी और निखिल तिवारी ने किया।

0 Comments