मनमाड़–इंदौर रेल लाइन की मिलेगी सौगात

₹5 हजार करोड़ की लागत से 72.66 किमी रेलखंड का टेंडर जारी, 25 बड़े पुल, 7 स्टेशन, 4 ROB और सुरंगों का होगा निर्माण

इंदौर/निवाली। मालवा-निमाड़ को महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से सीधे जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित मनमाड-इंदौर नई ब्रॉडगेज रेल परियोजना के निर्माण की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। मध्य रेलवे के निर्माण संगठन द्वारा परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्से के लिए लगभग ₹4,930.91 करोड़ यानी करीब ₹5 हजार करोड़ की लागत का ईपीसी ई-टेंडर जारी किया गया है।

टेंडर के तहत डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) से ग्यासपुरखेड़ी तक 72.66 किलोमीटर लंबे रेलखंड का निर्माण किया जाएगा। अनुबंध आवंटित होने के बाद इस पूरे निर्माण कार्य को 48 माह यानी 4 वर्ष में पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। निविदा की शर्तों के अनुसार ठेका मिलने के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी को 48 महीनों के भीतर पूरे कार्य को पूर्ण करना होगा। इसमें रेल लाइन के साथ पुल, सुरंग, वायडक्ट, आरओबी, स्टेशन तथा अन्य संबंधित रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण शामिल रहेगा।

25 बड़े पुल, 7 रेलवे स्टेशन और 4 ROB होंगे निर्माण

इस महत्वपूर्ण रेलखंड में कठिन पहाड़ी एवं मैदानी भू-भाग को देखते हुए बड़े पैमाने पर रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। इसमें 25 मेजर रेलवे पुल, अनेक माइनर ब्रिज, 4 रोड ओवर ब्रिज (ROB) तथा पहाड़ी क्षेत्रों में सुरंगों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा एक बड़े और ऊंचे रेलवे वायडक्ट का भी निर्माण प्रस्तावित है।

इस 72.66 किमी के हिस्से में कुल 7 रेलवे स्टेशन प्रस्तावित बताए गए हैं—ग्यासपुरखेड़ी, चिकट्यावड़, नीमगढ़, सराय तालाब, झाड़ी बड़ौदा, केलौद और कमदपुर।

फरवरी 2027 में जमा होंगी ऑनलाइन निविदाएं

जारी निविदा के अनुसार पहली प्री-बिड बैठक 30 नवंबर 2026 तथा दूसरी प्री-बिड बैठक 30 दिसंबर 2026 को होगी। ऑनलाइन बोली प्रक्रिया 4 फरवरी 2027 से शुरू होगी तथा निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 18 फरवरी 2027 सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है। निविदा में भाग लेने वाली फर्मों के लिए लगभग ₹9.86 करोड़ की ईएमडी निर्धारित है।

Post a Comment

0 Comments