रैपिडो समेत अन्य बाइक टैक्सी संस्थानों के खिलाफ इंदौर मे 1 अक्टूबर को प्रदर्शन

 

इंदौर। रैपिडो समेत अन्य बाइक टैक्सी संस्थानों के संचालन को लेकर इंदौर ऑटो रिक्शा चालक महासंघ ने 1 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है। 

महासंघ का दावा है कि बड़ी संख्या में बाइक टैक्सी चालक बिना उचित पुलिस वेरिफिकेशन के संचालन कर रहे हैं। संगठन ने निजी दोपहिया वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल और दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की बीमा सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। महासंघ ने अन्य शहरों और राज्यों के वाहनों के इंदौर में संचालन का भी आरोप लगाया है।

संगठन के मुताबिक, इस मामले को लेकर 2024 में इंदौर हाईकोर्ट की खंडपीठ के समक्ष भी मामला उठाया गया था। महासंघ का आरोप है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई प्रभावी नहीं रही।

इसी के विरोध में 1 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे पलासिया स्थित पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। महासंघ पुलिस कमिश्नर और यातायात विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर रैपिडो समेत अन्य बाइक टैक्सी संस्थानों और उनके राइडर्स के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग करेगा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा चालकों के साथ कार-टैक्सी चालक भी शामिल होंगे। आंदोलन का नेतृत्व अध्यक्ष राजेश बिडकर और सुशील चौहान करेंगे।

Post a Comment

0 Comments