देश के लिए लड़ाकू विमान उड़ाने वाले अभिनंदन ने लिया संन्यास, चुना नया रास्ता

 2019 में पाकिस्तान के F-16 को मार गिराने और तीन दिन पाकिस्तानी हिरासत में रहने वाले वीर चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट के बाद अब कमर्शियल एविएशन में कदम रखा है। वह गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से पायलट के तौर पर जुड़े हैं।


2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के बाद दुनियाभर में चर्चा में आए ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। अब उन्होंने अपने करियर की नई पारी कमर्शियल पायलट के रूप में शुरू की है। 

अभिनंदन ने करीब 22 साल तक भारतीय वायुसेना में सेवा की। रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने 31 मार्च 2026 को IAF से रिटायरमेंट लिया और अगस्त में गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से जुड़ गए। फिलहाल वह कमर्शियल उड़ानों के लिए जरूरी ट्रेनिंग ले रहे हैं।

अभिनंदन फरवरी 2019 में भारत-पाकिस्तान हवाई संघर्ष के दौरान MiG-21 Bison लेकर पाकिस्तानी विमानों का मुकाबला करने के बाद सुर्खियों में आए थे। उनका विमान भी क्षतिग्रस्त हुआ और वह पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में जा गिरे, जहां उन्हें करीब 60 घंटे तक हिरासत में रखा गया था। भारत लौटने के बाद उन्हें उनकी बहादुरी के लिए वीर चक्र से सम्मानित किया गया।

अब लड़ाकू विमान के कॉकपिट से निकलकर अभिनंदन यात्री विमान के कॉकपिट में नई उड़ान भरने की तैयारी कर रहे हैं। 

Post a Comment

0 Comments